अधिकारियों की देखरेख में डीडीयू जंक्शन पर चला अभियान

दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। यात्रियों को उत्तम यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु पूर्व मध्य रेल का पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल पूर्णतया प्रतिबद्ध है। वर्तमान ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त संख्या देखते हुए स्टेशन सहित ट्रेनों में लगातार निगरानी कर यात्री सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। उचित टिकट लेकर यात्रा कर रहे अधिकृत यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा लगातार अभियान जारी है। 

इसी क्रम में आज पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में मंडल वाणिज्य प्रबंधक व अन्य अधिकारियों की देखरेख में वाणिज्य विभाग एवं रेल सुरक्षा बल द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन पर आवागमन वाली विभिन्न लंबी दूरी की ट्रेनों के विशेषकर वातानुकूलित कोचों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट/उचित प्राधिकार के पकड़े जाने वाले 12 व्यक्तियों पर कार्रवाई कर नियमानुसार जुर्माना किया गया। टिकट के साथ यात्रा कर रहे विभिन्न अधिकृत यात्रियों की स्थिति अनुसार सहायता कर उन्हें उनके संबंधित कोच में शिफ्ट किया गया। 

यह सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा जिससे अनाधिकृत यात्रा को हतोत्साहित किया जा सके ताकि उचित टिकट के साथ यात्रा करने वाले अधिकृत यात्रियों की यात्रा सुरक्षित एवं सुविधाजनक रहे। रेल प्रशासन का सभी से अनुरोध है कि सदैव उचित टिकट लेकर चयनित श्रेणी में ही यात्रा करें।